मुझसे क्या हो सका मोहब्बत मे
"अच्छा तो क्या नाम बताया तुमने... हाँ, दिव्या ... उसका और तुम्हारा क्यों ब्रेकअप हुआ?" - विभु ने शिवांग से पूछा। शिवांग और विभु अभी बनारस के आई.पी. सिगरा मॉल के सीसीडी में बैठे हुए थे। पिछले आधे घंटे से दोनों एक-एक कप कॉफी पी रहे थे और बीच-बीच में बात का कोई टॉपिक खोज रहे थे। फिर विभु कभी शिवांग से कुछ पूछती और कभी शिवांग विभु से। यह सिर्फ इसलिए हो रहा था ताकि पहली मुलाकात की असहजता कम हो जाए या खत्म हो जाए। बस इसी कारण विभु ने भी शिवांग से यह सवाल पूछा था। विभु और शिवांग एक-दूसरे को बहुत पहले से जानते थे, करीब दो सालों से। दोनों बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से बीए सेकंड ईयर का कोर्स कर रहे थे। करीब एक साल तक आई कॉन्टैक्ट, नोट एक्सचेंज, और इंस्टाग्राम के पोस्ट लाइक करने के बाद आज खुद को इतना सहज पा सके कि एक साथ कॉफी पीने आ गए। अगर इस मुलाकात को कोई नाम देना चाहें, तो आप कह सकते हैं कि "वो डेट कर रहे हैं"। पर अगर शिवांग और विभु से पूछा जाए कि "यहाँ क्या कर रहे हो?" तो वे कहेंगे "बस कॉफी पीने आए थे।" चलिए, अब मैंने आप लोगों को इनका इतिहास...